निर्देशक इंद्र कुमार एक बार फिर अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइज़ी 'धमाल' को नए अंदाज में बड़े पर्दे पर लेकर आए हैं। 'धमाल 4' वही पुरानी मस्ती, अफरा-तफरी और बेफिक्र कॉमेडी लेकर आती है, जिसने इस सीरीज को दर्शकों का पसंदीदा बनाया। फिल्म शुरुआत से आखिर तक हल्के-फुल्के मनोरंजन का ऐसा सफर पेश करती है, जिसे परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर सबसे ज्यादा एन्जॉय किया जा सकता है।

कहानी एक प्राचीन खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है। गुड्डू (अजय देवगन) उस खजाने तक पहुंचने की कोशिश में है, जबकि पृथ्वी (उपेंद्र लिमये) की याददाश्त में उसकी लोकेशन का राज छिपा है। अपनी आखिरी सांसों में पृथ्वी यह रहस्य बताता है, लेकिन इसे सिर्फ गुड्डू ही नहीं बल्कि आदि (अरशद वारसी), मानव (जावेद जाफरी), लल्लन (रितेश देशमुख), दो महिलाओं और दो बच्चों सहित कई लोग सुन लेते हैं। इसके बाद शुरू होती है खजाने तक पहुंचने की मजेदार, रोमांचक और हास्यास्पद दौड़, जहां हर मोड़ पर नए कॉमिक ट्विस्ट और गलतफहमियां दर्शकों को हंसाती रहती हैं। रवि किशन का किरदार 'अधूरा' भी फिल्म में अलग रंग भरता है और कई मनोरंजक पल लेकर आता है।

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी स्टारकास्ट है। अजय देवगन अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से पूरी कहानी को मजबूती देते हैं, जबकि अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और शानदार केमिस्ट्री से हर सीन को जीवंत बना देते हैं। इन चारों कलाकारों की जुगलबंदी ही फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी है और यही वजह है कि दर्शकों के चेहरे पर लगातार मुस्कान बनी रहती है।

फिल्म कहानी में ज्यादा भावनात्मक गहराई या लॉजिक तलाशने की कोशिश नहीं करती, बल्कि पूरी तरह मनोरंजन पर फोकस रखती है। हालांकि कुछ सबप्लॉट फिल्म की रफ्तार को थोड़ा धीमा करते हैं, लेकिन जैसे ही पूरी टीम एक साथ स्क्रीन पर आती है, फिल्म फिर से अपनी लय पकड़ लेती है और कॉमेडी का सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता है।

तकनीकी रूप से 'धमाल 4' फ्रेंचाइज़ी की पिछली फिल्मों से अधिक भव्य नजर आती है। शानदार लोकेशंस, बेहतर प्रोडक्शन वैल्यू, रंगीन विजुअल्स और मजेदार बैकग्राउंड स्कोर फिल्म के मनोरंजन को और बढ़ा देते हैं। बड़े पर्दे पर इसकी भव्यता और कॉमिक सीक्वेंस देखने का अलग ही मजा है।

अंतिम फैसला:

अगर आप ऐसी फिल्म देखना चाहते हैं जिसमें दिमाग पर ज्यादा जोर न देना पड़े और सिर्फ हंसी-मजाक, मस्ती और फैमिली एंटरटेनमेंट का भरपूर डोज मिले, तो 'धमाल 4' आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह एक साफ-सुथरी फैमिली कॉमेडी है, जिसे बच्चों, बड़ों और पूरे परिवार के साथ बैठकर भरपूर एन्जॉय किया जा सकता है। फ्रेंचाइज़ी के प्रशंसकों के लिए यह फिल्म एक मजेदार सिनेमाई अनुभव साबित होती है।

Bollywood Hi इस फिल्म को 5 में से 3.5 स्टार देता है।

Review by Farid Shaikh, Bollywood Hi